एनएच-24 दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेस-वे पर सख्ती, 20 हजार तक का चालान, 3 नए पुलिस बूथ शुरू
रिपोर्ट: रूपम शुक्ला | 17 फरवरी 2026 | लाइव न्यूज100
गाजियाबाद: NH24 दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। एक्सप्रेस-वे की बीच वाली लेन में दोपहिया और तीन पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित कर दिया गया है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई बाइक सवार नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ 20,000 रुपये तक का चालान काटा जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में बीच की लेन में दोपहिया या तीन पहिया वाहन चलाना गंभीर हादसों को न्योता दे सकता है। इसके बावजूद कई बाइक सवार नियमों की अनदेखी करते नजर आ रहे हैं। जांच के दौरान कुछ वाहन चालक गलत दिशा में वाहन चलाते हुए पाए गए, जो न सिर्फ उनकी बल्कि अन्य यात्रियों की जान को भी खतरे में डालते हैं। वहीं कई लोग बिना हेलमेट बाइक चलाते हुए दिखे, जो मोटर व्हीकल एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है।
इस बीच सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात के तीन नए पुलिस बूथों की शुरुआत की गई है। प्रत्येक बूथ में दो यातायात कर्मियों के बैठने का प्रबंध किया गया है, ताकि मौके पर ही नियम उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। इन बूथों को आधुनिक सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है, जो सीधे कंट्रोल रूम से जुड़े हुए हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से आने-जाने वाले वाहनों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है। तीनों बूथ की शुरुआत गाजीपुर और इंदिरापुरम मार्ग पर हुई है।
मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर अशेष बाबू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी है और एक्सप्रेस-वे पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित लेन में ही वाहन चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सभी की यात्रा सुरक्षित बनी रहे।