नैनीताल बैंक ने हरियाणा में गुरुग्राम ज़िले के मानेसर शहर में नई शाखा का किया शुभारंभ


गुरुग्राम मानेसर | संवाददाता |18 जुलाई 2026 

देश के प्रतिष्ठित निजी बैंकों में शामिल नैनीताल बैंक लिमिटेड , ने मानेसर, गुरुग्राम में अपने बैंकिंग नेटवर्क का विस्तार करते हुए मानेसर में नई शाखा का विधिवत शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह का आयोजन 18 जुलाई 2026 को किया गया, जिसमें बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (MD & CEO) श्री सुशील कुमार लाल ने फीता काटकर नई शाखा का उद्घाटन किया।

नई शाखा टी-23, सेक्टर-1, आई एम टी मानेसर, गुरुग्राम हरियाणा में स्थित है। इस अवसर पर बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, सम्मानित ग्राहक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए श्री सुशील कुमार लाल ने कहा कि नैनीताल बैंक का उद्देश्य ग्राहकों तक सुरक्षित, पारदर्शी और आधुनिक बैंकिंग सेवाओं को पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि नई शाखा के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को बचत एवं चालू खाते, फिक्स्ड डिपॉजिट, डिजिटल बैंकिंग, होम लोन, पर्सनल लोन, एमएसएमई फाइनेंस, व्यापारिक ऋण सहित सभी प्रमुख बैंकिंग सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

बैंक प्रबंधन के अनुसार, तेजी से विकसित हो रहे मानेसर क्षेत्र में बैंक की उपस्थिति से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और उद्यमियों को बेहतर वित्तीय सेवाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने और ग्राहकों को तेज, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बैंकिंग अनुभव उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

इस अवसर पर मानेसर शाखा के शाखा प्रमुख श्री अमित डोभाल एवं दिल्ली क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख श्री दीपक बिष्ट ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया तथा नई शाखा के माध्यम से ग्राहकों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

लगभग 104 वर्षों की गौरवशाली बैंकिंग विरासत के साथ नैनीताल बैंक देशभर में अपनी सेवाओं का लगातार विस्तार कर रहा है। मानेसर में नई शाखा का शुभारंभ बैंक की इसी विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।