दिल्ली के ज्योति नगर में ब्लाइंड मर्डर सुलझा | पुलिस ने 2 आरोपी दबोचे


उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में हुए एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। महिला की हत्या के इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, लूटी गई ज्वेलरी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

Large Image Caption

दिल्ली के ज्योति नगर थाना क्षेत्र में हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ब्लाइंड मर्डर की इस गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इस पूरे ऑपरेशन को वेद प्रकाश, एसएचओ, पुलिस स्टेशन ज्योति नगर के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में एसआई देवेंद्र, पंकज, विशाल, संजीव, एएसआई नरेश मंगल, हेड कांस्टेबल अनुज, राहुल, सुभाष, अमित और कांस्टेबल अनिल शामिल रहे। पूरी कार्रवाई की निगरानी एसीपी गोकलपुरी दीपक चंद्र द्वारा की गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी और मैनुअल जांच के जरिए कई अहम सुराग जुटाए। लगातार प्रयासों के बाद 21 वर्षीय उमेश, पुत्र विजय, निवासी नंद नगरी, दिल्ली को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उमेश ने अपना जुर्म कबूल करते हुए अपने साथी का नाम उजागर किया, जिसके बाद पुलिस ने 22 वर्षीय विपिन, पुत्र इंदरजीत, निवासी नंद नगरी को भी दबोच लिया।

जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी भारी कर्ज के दबाव में थे और आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने लूट की साजिश रची, जो बाद में हत्या में बदल गई।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतका की लूटी गई ज्वेलरी, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों का कोई अन्य आपराधिक रिकॉर्ड तो नहीं है।